दूध के स्वाद वाली मिठाई कलाकंद शायद ही किसी की फेवरेट न हो. ये बच्चों से बड़ों तक को पसंद आती है. हल्की मिठास, क्रीमी स्वाद और इसका दानेदार टेक्सचर ही इसकी खासियत है. अब बाजार वाली कलाकंद में वो स्वाद महसूस नहीं होता है, क्योंकि उसमें भी मिलावट होने लगी है या फिर खराब क्वालिटी का पनीर इस्तेमाल किया जाने लगा है. भाई दूज 2026 के लिए आप घर पर कलाकंद बना सकते हैं. शेफ रणवीर बरार की बताई रेसिपी को फॉलो करेंगे तो हलवाई का स्वाद भी भूल जाएंगे.मिठाइयां घर पर बनाना लोगों को एक मुश्किल टास्क लगता है, लेकिन कलाकंद के साथ ऐसा नहीं है. दरअसल इसमें दूध और पनीर ही मेन इनग्रेडिएंट होते हैं. दोनों को साथ गाढ़ा होने तक पकाना होता है और सिंपल से स्टेप्स में आपकी ये मिठाई बनाकर तैयार हो जाती है. चलिए देख लेते हैं स्टेर बाय स्टेप पूरी रेसिपी.
कलाकंद मिठाई के लिए इनग्रेडिएंट्स
- 500 ml दूध
- 400 gm पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
- 1 छोटा चम्मच घी
- 10-12 काजू (कटे हुए)
- 8-10 बादाम (कटे हुए)
- 6-8 पिस्ता (कटे हुए)
- 200 ml कन्डेंस्ड मिल्क
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- कुछ केसर के धागे
- एक चुटकी नमक
- ½ छोटी चम्मच घी (ट्रे पर लगाने के लिए)
कलाकंद की रेसिपी
- एक कड़ाही में दूध और पनीर डालें और तब तक चलाएं जब तक कि दूध पूरी तरह सूख न जाए.
- आपका कलाकंद का मिश्रण मलाईदार हो जाना चाहिए.अब इसमें घी, काजू, बादाम और पिस्ता डालें और 2 मिनट तक भून लें.
- सारे नट्स भुन जाने के बाद इसमें कन्डेंस्ड मिल्क, इलायची पाउडर और केसर डालें और अच्छी तरह से मिला लें.
- सारी चीजों को तब तक मिलाना है जब तक कि मिश्रण में एक बढ़िया गाढ़ापन न हो जाए.
- कलछी से चेक करें कि एक्स्ट्रा पानी तो नहीं है. अब एक चुटकी नमक डालें, सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं और गैस बंद कर दें.
- अब एक ट्रे पर घी लगाएं और उसमें तैयार मिश्रण को फैलाएं और अच्छी तरह सेट होने के लिए 30-40 मिनट तक फ्रिज में रख दें.
- तैयार कलाकंद को फ्रिज से निकालें और अपनी मनपसंद आकार में काटें. इसे ठंडा-ठंडा भाई दूज करने के टाइम खिलाएं.















