चीनी मिलों पर बढ़ेगा आर्थिक दबाव, घट सकता है मुनाफा.

दीपावली से पहले देशभर में चीनी की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी देखी गई. इसकी कीमतों को कंट्रोल करने की कोशिश भी की गई लेकिन सरकार का कोई पैंतरा काम नहीं आया. अब आने वाला वित्त वर्ष भी भारत की चीनी मिलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. चीनी की कीमतें मजबूत रहने के बावजूद मिलों की कमाई पर दबाव बढ़ सकता है. इसकी वजह गन्ने की बढ़ती कीमतें, एथेनॉल प्रोडक्शन पर लगी पाबंदियां और कर्ज लेने की बढ़ती जरूरत है.रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Crisil) के मुताबिक, इस वित्त वर्ष चीनी मिलों का ऑपरेटिंग मार्जिन 1.4% से 1.6% प्रतिशत अंक घटकर करीब 6% रह सकता है. यानी मिलों को अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा प्रोडक्शन और दूसरे खर्चों पर लगाना पड़ सकता है.

एथेनॉल से घटेगी कमाई
चीनी मिलों की कमाई का एक बड़ा हिस्सा एथेनॉल बेचने से भी आता है. एथेनॉल का इस्तेमाल पेट्रोल में मिलाने के लिए किया जाता है. इससे मिलों को एक्स्ट्रा कमाई होती है. लेकिन सरकार ने एथेनॉल सप्लाई वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने से बनने वाले एथेनॉल के प्रोडक्शन पर पाबंदियां लगाई हैं. अब मिलों को मुख्य रूप से C-heavy मोलासेस से एथेनॉल बनाने की अनुमति है.

पहले मिलें गन्ने के रस और B-heavy मोलासेस से भी एथेनॉल बनाती थीं. इनसे ज्यादा कमाई होती थी. अब इस ऑप्शन के सीमित होने से मिलों की कमाई पर असर पड़ सकता है. क्रिसिल के मुताबिक, एथेनॉल से होने वाली ज्यादा कमाई में कमी आने के कारण चीनी मिलों को अब चीनी और ENA (एक तरह की अल्कोहल) की बिक्री पर ज्यादा निर्भर रहना होगा.

गन्ने की खरीद हुई महंगी
चीनी मिलों के लिए दूसरी बड़ी परेशानी गन्ने की बढ़ती कीमतें हैं. सरकार ने साल 2027 के चीनी सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) करीब 3% बढ़ाकर 365 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है. इसका मतलब है कि मिलों को किसानों से गन्ना खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे. अगर उत्तर प्रदेश सरकार भी गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाती है, तो मिलों का खर्च और बढ़ सकता है.वहीं, मौसम से जुड़ी परेशानियों के कारण गन्ने की पैदावार में भी कमी आने की आशंका है. क्रिसिल के अनुमान के मुताबिक, साल 2027 में चीनी का उत्पादन करीब 2.9 करोड़ टन रह सकता है, जबकि पिछले साल ये 3.11 करोड़ टन था.

कमाई बढ़ेगी, लेकिन मुनाफा नहीं
क्रिसिल का अनुमान है कि इस वित्त वर्ष चीनी मिलों की कुल कमाई में 4 से 5% की बढ़ोतरी हो सकती है. चीनी की कीमतें मजबूत रहने से मिलों को फायदा मिलेगा. हालांकि, बढ़ते खर्च और एथेनॉल से कम होने वाली कमाई के कारण मुनाफे में सुधार मुश्किल है. मिलों को चीनी का स्टॉक रखने और कारोबार चलाने के लिए ज्यादा पैसे की जरूरत भी पड़ेगी. इससे कर्ज और ब्याज का बोझ बढ़ सकता है.क्रिसिल के मुताबिक, उसके द्वारा रेटिंग दी गई चीनी मिलों की ब्याज चुकाने की क्षमता भी कमजोर हो सकती है. ये आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष के 3.7 गुना से घटकर इस साल करीब 2.7 गुना रहने का अनुमान है.

क्या होगा चीनी मिलों का हाल?
चीनी मिलों की स्थिति अगले वित्त वर्ष में चीनी की कीमतों, गन्ने की लागत, एथेनॉल के दाम और मानसून पर निर्भर करेगी. अगर चीनी की कीमतें मजबूत रहती हैं और गन्ने की लागत में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होती है, तो मिलों को कुछ राहत मिल सकती है. लेकिन एथेनॉल से कमाई में कमी और बढ़ते कर्ज के कारण फिलहाल चीनी उद्योग के सामने चुनौतियां बनी रहेंगी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts