हरियाणा के पानीपत में मशहूर रेसलर रहे ‘द ग्रेट खली’ सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसा पानीपत के एक टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां खली की एसयूवी एक दूसरी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर के समय खली अपनी एसयूवी में ही मौजूद थे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में खली को गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद खली ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस को अपनी स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं और उनके प्रशंसकों को घबराने या चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। खली के सुरक्षित होने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ रहने की कामना करते नजर आए। फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।























































