उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का पिटारा खुलने वाला है. यूपी में दिसंबर 2026 से पहले 1 लाख कैंडिडेट्स को सरकारी नौकरी मिलने वाली है, जिसमें सबसे अधिक कैंडिडेट्स को सरकारी नौकरियां उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट व प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) की तरफ से दी जानी है. तो वहीं इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की तरफ से दिसंबर 2026 तक 25 हजार कैंडिडेट्स को नौकरी दी जानी हैं. कुल जमा समझें तो दिसंबर 2026 तक 9 से ज्यादा भर्ती एग्जाम के रिजल्ट जारी होने वाले हैं. असल में यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे में दिसंबर 2026 तक भर्तियों के रिजल्ट जारी किए जाने हैं.आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. जानते हैं कि दिसंबर 2026 तक यूपी में कौन-कौन सी भर्तियों के रिजल्ट जारी होने हैं और कितने पदों पर कैंडिडेट्स को नियुक्ति दी जानी है.
सितंबर-अक्टूबर में पुलिस और होमगार्ड भर्ती रिजल्ट
यूपी में दिसंबर 2026 से पहले सबसे अधिक 74,103 कैंडिडेट्स को नौकरियां उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट व प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) की तरफ से दी जानी है, जिसमें 41,424 पदाें पर होमगार्ड की भर्ती होनी है. तो वहीं 32,679 पदों पर पुलिस कांस्टेबल भर्ती होनी है. इसमें होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट 30 सितंबर को जारी किया जाने की तैयारी है तो वहीं यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती रिजल्ट 31 अक्टूबर को जारी किए जाने की तैयारी है.
30 नंबर तक सहकारी सेवा मंडल भर्ती रिजल्ट
यूपी में सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की तरफ से आयोजित भर्ती एग्जाम अभी प्रस्तावित है, जिसके तहत मंडल की ओर से संबद्ध सहकारी बैंकिंग तथा तकनीकी सेवा में लगभग 2200 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन किए गए थे. जानकारी के मुताबिक ये भर्ती एग्जाम सितंबर-अक्टूबर में आयोजित किया जा सकता है. तो वहीं इसका रिजल्ट 30 नवंबर तक घोषित किया जाएगा. इस तरह 2200 पदों पर दिसंबर से पहले कैंडिडेट्स को नियुक्ति मिलेगी.
UPSSSC की 10 भर्ती परीक्षाओं का रिजल्ट जल्द होगा जारी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की तरफ से दिसंबर 2026 से पहले 25 हजार कैंडिडेट्स को नौकरी दी जानी है. इसी कड़ी में UPSSSC की तरफ से दिसंबर 2026 तक 10 भर्ती एग्जाम के रिजल्ट किए जाने हैं. ये सभी भर्ती एग्जाम जनवरीं 2026 से अब तक आयोजित किए गए हैं. आइए जानते हैं कि UPSSSC के कौन से भर्ती एग्जाम का रिजल्ट कब तक जारी होना प्रस्तावित है और कितने पदों पर भर्ती होनी है.
- कनिष्ठ सहायक भर्ती – 54 पदों पर भर्ती- सितंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है रिजल्ट
- सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक भर्ती- 5369 पदों पर भर्ती- 10 सितंबर तक रिजल्ट हो सकता है.
- स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) भर्ती- 5272 पदों पर भर्ती- 30 सितंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट.
- नक्शानवीश व मानचित्रक भर्ती- 283 पदों होनी है भर्ती- 30 सितंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट.
- प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती- 477 पदों पर होनी है भर्ती-30 सितंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट
- सहायक स्टोर कीपर व सहायक ग्रेड भर्ती- 200 पदों पर भर्ती- 7 अक्टूबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट
- वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक भर्ती- 709 पदों पर होनी है भर्ती- 15 अक्टूबर तक जारी हो सकता है रिजल्ट
- लेखपाल भर्ती- 7994 पदों पर होनी है भर्ती- 10 नवंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट
- आशुलिपिक भर्ती- 1,557 पदों पर होनी है भर्ती- 30 नवंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट
- कनिष्ठ सहायक भर्ती- 3279 पदों पर होनी है भर्ती-15 दिसंबर तक प्रस्तावित है रिजल्ट























































