दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में 2 दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से सड़कों पर पानी जमा हो गया है। कई मार्गों पर कई फीट तक पानी भरने से वाहन भी फंस गए। हाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है, जिस वजह से जाम की स्थिति बन गई।गुरुग्राम में भारी बारिश के बीच नरसिंहपुर इलाके में NH-48 पर लंबा जाम लग गया है। ट्रैफिक जाम के बीच वाहन रेंगते हुए नजर आए।

दिल्ली में हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है। दिल्ली में बाबा खड़क सिंह मार्ग पर ज्यादा पानी भरने से कई वाहन भी फंस गए। इस दौरान जाम की स्थिति भी बन गई।

उधर, दिल्ली में एम्स (AIIMS) के पास भी जलभराव हो गया है। यहां वाहनों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में एपीएस कॉलोनी, एयरपोर्ट रोड समेत कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया है। जलभराव होने से ऑफिस जाने वाले लोगों को सुबह-सुबह परेशानी झेलनी पड़ी।मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ बिजली कड़कने और भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।























































