दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बिल्डिंग गिरने से हादसा हो गया. इस हादसे में मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है.
दिल्ली के सत्य निकेतन में एक चार मंजिला इमारत गिरने से हुए हादसे की तस्वीरें हैरान करने वाली है. इस हादसे में कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं.
इस इमारत में पीजी चलाया जा रहा था. ऊपरी मंजिल पर छात्र रुके हुए थे. हादसे के वक्त भी कुछ छात्र बिल्डिंग में मौजूद थे. फिलहाल तीन छात्रों को मलबे में दबा पाया गया है. उन्हें बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है.
दिल्ली पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत ढह गई है. फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली. बचाव कार्य जारी है. स्थिति स्पष्ट होने पर और जानकारी मिलेगी.
एक चश्मदीद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास ही मेरी दुकान है. हम अंदर बैठे थे तभी अचानक हमें भूकंप जैसी गड़गड़ाहट की आवाज़ सुनाई दी. हम तुरंत बाहर भागे.
एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि बहुत धुआं और धूल थी. पूरी इमारत गिर चुकी थी. चार बच्चों को बचाया गया जिनकी सांसें चल रही थीं. मलबे के अंदर से अभी भी आवाजें आ रही हैं.
हादसे के बाद बच्चे चिल्ला रहे हैं, ‘हमें बचाओ, हमें बचाओ!’ वहां कम से कम 25-30 बच्चे थे. पास ही लड़कों और लड़कियों का PG था. 4-5 लोगों को बचाया गया है.























































