मुजफ्फरनगर। जनगणना एवं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को तहसील सदर में कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यशाला में तहसील सदर क्षेत्र के लगभग 220 सुपरवाइजरों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू, सटीक और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देना रहा। प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बैठक को दो अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित किया गया।
इससे प्रत्येक सुपरवाइजर को जनगणना से संबंधित कार्ययोजना, जिम्मेदारियों और स्व-गणना प्रक्रिया की बारीकियों को समझने का अवसर मिला। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव एवं तहसीलदार सदर ने की। अधिकारियों ने जनगणना अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुपरवाइजरों को उनके दायित्वों के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्व-गणना की तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक स्तर पर सावधानी और सटीकता बनाए रखना आवश्यक है। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों की शंकाओं और सवालों का समाधान भी किया तथा उन्हें निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जनगणना से जुड़ी सभी गतिविधियों का संचालन आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जा सके।















