मुजफ्फरनगर। प्रदेश में कृषि विभाग के नव नियुक्त प्राविधिक सहायकों एवं मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का मंगलवार को लखनऊ से सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुजफ्फरनगर में विकास भवन सभागार में आयोजित सजीव प्रसारण कार्यक्रम में बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय कुमार राठी, मुख्य विकास अधिकारी कंडाकर कमल किशोर देशभूषण, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया तथा पटल प्रभारी संजय कुमार मौजूद रहे। सभी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और संबोधन सुना।
इसके बाद कृषि विभाग की ओर से जिले के 14 नवनियुक्त प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने की। उन्होंने नवनियुक्त सहायकों से कृषि विभाग की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने और पात्र कृषकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक राजपाल बालियान और रालोद जिलाध्यक्ष संजय कुमार राठी ने भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। नवनियुक्त अभ्यर्थी कुं. चारू चौहान ने सभी की ओर से क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया। अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी 14 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।























































