बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में चल रहे अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना तिंदवारी की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस ने गुम हुई ढाई वर्षीय मासूम बच्ची को महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसकी मां की गोद में सौंप दिया। मामला थाना तिंदवारी कस्बा का है। जनपद कानपुर की रहने वाली चांदनी पत्नी गोरे अपने मायके तिंदवारी आई हुई थीं। दोपहर करीब 12 बजे उनकी ढाई साल की बेटी घर के बाहर खेलते-खेलते कहीं गुम हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब बच्ची नहीं मिली तो घबराई मां ने थाना तिंदवारी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना तिंदवारी की मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, गलियों और बाजार में जानकारी जुटाई। पुलिस की इस फुर्ती का नतीजा रहा कि सूचना मिलने के एक घंटे के अंदर ही बच्ची को कस्बा तिंदवारी से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्ची को सकुशल देख मां की आंखों में आंसू आ गए और उसने पुलिस टीम को हृदय से धन्यवाद दिया। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘मिशन शक्ति’ के तहत हमारी टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह की सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। तिंदवारी पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया है। हमारा प्रयास है कि हर परिवार की मुस्कान बनी रहे।एसपी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान की पूरे जिले में सराहना हो रही है।















