मुजफ्फरनगर। जमीयत उलेमा-ए-हिंद, जिला मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में ग्राम उमरपुर में नशे के खिलाफ जनजागरूकता, आपसी सौहार्द और समाज सुधार को लेकर सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हजारों नौजवानों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों, उलेमा और युवाओं ने भाग लिया। अध्यक्षता जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जिला महासचिव कारी जाकिर हुसैन ने की, जबकि संचालन जमीयत मॉडल विलेज के कन्वीनर मौलाना फारुक और मुफ्ती आस मोहम्मद ने संयुक्त रूप से किया।
कारी जाकिर हुसैन ने युवाओं से समाज में फैली बुराइयों को दूर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोई लड़का या लड़की अशिक्षित न रहे, इसके लिए समाज में शिक्षा की अलख जगानी होगी।
उन्होंने आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि देश से नफरत मिटाकर मोहब्बत बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। सम्मेलन में युवाओं ने नशा न करने और दूसरों को भी इससे दूर रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान कारी अब्दुल माजिद, मुफ्ती मोहम्मद आदिल, मौलाना असरार, मौलाना अरशद, मुफ्ती शहजाद, मौलाना जाहिद, कारी आमिर, अब्दुल हक, कारी शाहनवाज, मौलाना खालिद, मुफ्ती साकिब, मास्टर खालिद, मौलाना उसमान और कारी नौशाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।























































