मुजफ्फरनगर जिला उद्योग केंद्र में लघु उद्योग भारती की ओर से एमएसएमई एडिशनल कमिश्नर ऑफ इंडस्ट्रीज मेरठ मंडल उमेश कुमार के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के दौरान आ रही विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष जगमोहन गोयल, जिला सचिव मयंक मित्तल, अश्वनी मित्तल और अभिषेक अग्रवाल ने उमेश कुमार का पुष्प देकर स्वागत किया। बैठक में उद्यमियों ने बताया कि उद्योग लगाने के दौरान विभिन्न विभागों से एनओसी प्राप्त करने में अनावश्यक देरी और परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे नए उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया प्रभावित होती है और उद्यमियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उद्यमियों ने मांग रखी कि उद्योगों से संबंधित नक्शा पास होने के बाद ही आवश्यक एनओसी की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। साथ ही जिन एनओसी की आवश्यकता नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से नहीं मांगा जाना चाहिए। इस संबंध में लघु उद्योग भारती की ओर से लिखित पत्र भी अधिकारियों को सौंपा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एमएसएमई एडिशनल कमिश्नर ऑफ इंडस्ट्रीज मेरठ मंडल उमेश कुमार ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को एमएसएमई से जुड़ी सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही अलग से बैठक आयोजित करने की बात कही गई। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए इस तरह की बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी। बैठक में उम्मीद जताई गई कि अधिकारियों और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय से उद्योगों की स्थापना में आने वाली दिक्कतें कम होंगी और जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।























































