मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शारदेन स्कूल की छात्राओं ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा समेत पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर उन्हें राखी बांधी। छात्राओं ने शिक्षिकाओं के साथ अधिकारियों का तिलक कर रक्षा-सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अधिकारियों ने छात्राओं का आत्मीयता से स्वागत करते हुए उनके साथ समय बिताया और पढ़ाई व भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बेटियों को आत्मनिर्भर बनने तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर छात्राओं और अधिकारियों के बीच भाई-बहन के स्नेह एवं सुरक्षा का भाव देखने को मिला। मुलाकात के अंत में अधिकारियों ने छात्राओं को स्नेह स्वरूप उपहार भी भेंट किए। स्कूल प्रबंधन और शिक्षिकाओं ने अधिकारियों का आभार जताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल सौहार्दपूर्ण और उत्साह से भरा रहा।























































