अंकित के परिजनों से मिले कपिल देव अग्रवाल.

मुजफ्फरनगर। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शामली के बंतीखेड़ा बनती गेरा गांव पहुंचकर दिवंगत अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंकित की हत्या की घटना बेहद दुखद और पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है। परिवार ने अपना बेटा खोया है और इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तत्काल संज्ञान लेकर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर गोली चलाने और भागने के प्रयास के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हुए। अखिलेश यादव द्वारा एनकाउंटर पर सवाल उठाए जाने पर मंत्री ने कहा कि दुखद घटना के बीच राजनीतिक बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अंकित के पिता ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है। मंत्री ने कहा कि हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts