मालाखेड़ा। उपखंड क्षेत्र के पीलाढाबा स्थित नंदघर आंगनबाड़ी केंद्र में मरम्मत कार्य को लेकर सोमवार को विवाद की स्थिति बन गई। ज्ञात हो कि जुलाई महीने में अतिवृष्टि के कारण नंदघर आंगनबाड़ी केंद्र की छत और छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय गांव की सरपंच सुनीता यादव ने शिक्षा विभाग से केंद्र की जल्द और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करवाने की मांग उठाई थी, ताकि छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी कार्य में देरी हुई।
सोमवार को शिक्षा विभाग के समसा विंग की ओर से तकनीकी विभाग द्वारा ठेकेदार को मरम्मत के लिए भेजा गया। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त छत और छज्जे की मरम्मत के बजाय चारदिवारी और फर्श पर ही घटिया सामग्री से लीपापोती शुरू कर दी। कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठते ही ग्रामीण प्रशासक सुनीता यादव, राजेश कुमार, नरेंद्र, गिरधारी लाल और नारायण गिरवर मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को कार्य बंद कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से समसा विभाग के अधिकारी मनोज कुमार शर्मा को इस स्थिति से अवगत कराया। जानकारी मिलते ही उन्होंने तकनीकी निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को मौके पर जांच के लिए भेजने के आदेश दिए। समाजसेवी राजेश यादव ने बताया कि नंदघर आंगनबाड़ी केंद्र पर रोजाना नन्हे बच्चे आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक गुणवत्तापूर्ण सामग्री से निर्माण नहीं होता, तब तक ग्रामीण किसी भी तरह का मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने देंगे।















