परिक्रमा मार्ग पर जलभराव से त्रस्त विजय हिंदुस्तानी ने पहनी बेड़ियां, कैदियों की ड्रेस में बैठकर ली जल समाधि,

मुज़फ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग पर लगातार हो रहे जलभराव और वर्षो से बदहाल पड़ी सड़क से परेशान होकर सामाजिक कार्यकर्ता विजय हिंदुस्तानी ने मंगलवार को अनोखे अंदाज़ में प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बेड़ियां पहनकर और कैदियों वाली ड्रेस में सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच बैठकर जल समाधि ले ली। विजय हिंदुस्तानी का कहना है कि कई वर्षों से इस मार्ग की हालत खस्ता बनी हुई है। एक ओर का हिस्सा जलभराव के कारण पूरी तरह बंद हो चुका है जबकि दूसरे हिस्से पर जगहजगह गड्ढे और पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैंकिसी का रिक्शा पलट जाता है, किसी का टेंपो, तो किसी का ट्रक सड़क की हालत के कारण खराब हो जाता है।विजय हिंदुस्तानी ने इस विरोध की घोषणा एक दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके की थी। वीडियो में उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा था कि जब तक परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, वह जल समाधि लेकर वहीं बैठेंगे। इसके तहत सुबह होते ही वह परिक्रमा मार्ग पहुंचे और बेड़ियां पहनकर जलभराव के बीच बैठ गए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं आता, तो वह एक फीट गड्ढा खोदकर उसी में बैठ जाएंगे और धीरेधीरे समय के साथ और नीचे जाते जाएंगे।विजय हिंदुस्तानी का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में गड्ढामुक्त सड़कों के निर्देश दिए थे, लेकिन परिक्रमा मार्ग पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। यहां सड़कें नहीं बल्कि तालाब बन चुके हैं। उन्होंने नगर पालिका और क्षेत्र के दो मंत्रियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि समझ नहीं आता कि जिम्मेदार लोग आखिर कर क्या रहे हैं, जबकि जनता रोज़ाना परेशानी में है। उनके अनुसार पिछले दो वर्षों से इस सड़क पर काम शुरू करने की मांग उठाई जा रही है परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है।विजय हिंदुस्तानी ने साफ कहा कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होगा, वह अपनी जल समाधि जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि यह केवल उनका विरोध नहीं बल्कि उन हजारों लोगों की आवाज है जो प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते समय परेशानी झेलते हैं। उनका यह आंदोलन प्रशासन को जगाने और जनता की समस्याओं पर ध्यान दिलाने हेतु है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और सड़क निर्माण का ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो वह अपने विरोध को और कड़े रूप में आगे बढ़ाएंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts