मुजफ्फरनगर।शहीद स्मारक मेरठ में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि “वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, एकता और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का अमर प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रगीत हर भारतीय को अपनी मातृभूमि के प्रति कर्तव्यबोध कराता है और देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि यह अवसर हमें हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। वन्दे मातरम् ने उस समय स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा दी थी और आज भी यह हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की ज्योति प्रज्वलित करता है। मंत्री ने कहा कि वर्षभर चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के सभी महानगरों से किया गया है, जो देश में राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सशक्त करेगा।
कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक अमित अग्रवाल, सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कमल दत्त शर्मा, कार्यक्रम संयोजक महेश बाली और महामंत्री अंकित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सैन्य अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक लाइव उद्बोधन को सुना और उनके मार्गदर्शन को आत्मसात किया। प्रधानमंत्री के संदेश ने राष्ट्रसेवा, एकता और अखंडता के भाव को और सुदृढ़ किया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है और “विकसित भारत” के निर्माण का संकल्प अब जन-जन का लक्ष्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को अपनाते हुए देश की उन्नति में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने “वन्दे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय श्री राम” के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना का उद्घोष किया। समारोह में उपस्थित जनसैलाब ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया, जिसने सभी के हृदयों में देशप्रेम की भावना को और प्रज्वलित कर दिया।















