मुजफ्फरनगर: प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने केंद्रीय बजट 2025-26 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने इसे किसानों, मध्यम वर्ग, युवाओं और उद्योगों के लिए लाभकारी बताया।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का निर्णय, मध्यम वर्ग को 12 लाख रुपये तक की आय पर कर राहत देना और स्टार्टअप व अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देना आर्थिक सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देगा।
उन्होंने बजट में एमएसएमई के लिए वर्गीकरण मानदंड में संशोधन और 5 लाख रुपये तक के क्रेडिट कार्ड की व्यवस्था को राज्य के छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। इसके साथ ही आईआईटी में 6,500 विद्यार्थियों के लिए अवसंरचना के सृजन और शिक्षा के क्षेत्र में एआई में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना को राज्य के छात्रों के लिए नए अवसरों का हिस्सा माना।
कपिल देव ने यह भी बताया कि अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाओं की स्थापना और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से छात्रों को नई तकनीकों से जोड़ा जाएगा, जबकि राष्ट्रीय कौशल उत्कृष्टता केंद्र से प्रदेश के युवाओं को वैश्विक मानकों पर कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। भारतीय भाषा पुस्तक योजना के तहत डिजिटल पुस्तकें प्रदान करने से मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि इस बजट से पारंपरिक उद्योगों, शिक्षा, तकनीकी विकास, सुरक्षा सुधार, सामाजिक न्याय और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। इसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, शैक्षिक सुधार होंगे, कृषि और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और प्रशासनिक सुधारों को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट भारत को श्रेष्ठ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।















