मालाखेड़ा के नटनी का बारा स्थित देवनारायण भगवान मंदिर के पास शिक्षा के मंदिर की स्थापना का शिलान्यास बुधवार को किया गया। पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना और समाजसेवी प्रेम पटेल ने शगुन स्वरूप पांच ईंटें प्राण प्रतिष्ठित कराई।
गुर्जर समाज की ओर से देवनारायण मंदिर के पास ई-लाइब्रेरी खोली जाएगी, जिसमें करीब 22 गांवों के लोगों का सहयोग रहेगा। बुधवार को लाइब्रेरी के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई, जिसके लिए समाज के दानदाताओं ने करीब 15 लाख रुपए का सहयोग दिया है।
लाइब्रेरी खुलने से समाज के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए सुविधा मिलेगी। सरिस्का क्षेत्र के पास होने के कारण यहां पढ़ने की पर्याप्त सुविधा नहीं थी, जिससे छात्रों को 50 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब पास में ही लाइब्रेरी खुलने से बच्चे आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे।
इस मौके पर हेमसिंह भड़ाना, समाजसेवी प्रेम पटेल, महेश पटेल, मायाराम गुर्जर, तोताराम सरधना, पप्पू सिंह गुर्जर, विश्राम गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर, अजीत सिंह गुर्जर, रामहित सिंह सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।















