मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देश भूषण तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसामान्य की विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, विद्युत और सड़क से संबंधित कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और यदि कोई शिकायत निस्तारित नहीं की जा सकती, तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर संतोषजनक समाधान हो, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता से किया जाए और अपलोड करने से पहले शिकायतों को भलीभांति पढ़ा जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक निस्तारित शिकायत पर शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाए तथा मौके का फोटो भी अपलोड किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया, उप जिलाधिकारी प्रवीन द्विवेदी, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शक्ति शरण, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।















