जसपुरा/बांदा।बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों की स्थिति सुधारने के तमाम दावों के बावजूद हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।विकास खंड क्षेत्र जसपुरा के प्राथमिक विद्यालय के खपटिहा खुर्द के कंपोजिट विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें अध्यापकों के समय से विद्यालय न पहुंचने और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में मनमानी करने की बात कही जा रही है।वीडियो में विद्यालय के बच्चे भी यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि शिक्षक रोजाना देर से आते हैं।जानकारी के अनुसार,प्राथमिक विद्यालय खपतिया खुर्द में कुल दस शिक्षक तैनात हैं,लेकिन कोई भी शिक्षक निर्धारित समय सुबह 9रू30 बजे तक विद्यालय नहीं पहुंचा।ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में लगभग 250 छात्र नामांकित हैं,जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे अनुपस्थित पाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की लापरवाही और एमडीएम वितरण में अनियमितता बनी हुई है,जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।वायरल वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जसपुरा ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जानकारी ली जा रही है।वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी।यदि जांच में आरोप सही पाए गए,तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।दैनिक हिंदुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है,लेकिन यह मामला विभाग की कार्यप्रणाली और विद्यालयों में अनुशासन के प्रति गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने भी शासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए,ताकि बच्चों की शिक्षा से खिलवाड़ न हो सके।















