मुजफ्फरनगर। जिला खेल कार्यालय, मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित सम्मान एवं बधाई समारोह में एथलेटिक्स खिलाड़ी कु. नेहा बालियान का दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में चयन होने पर भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर देशभूषण ने नेहा बालियान को फूलमाला पहनाकर, पटका ओढ़ाकर तथा खेल किट भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने नेहा को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेहा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
समारोह के दौरान प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है। उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई ने भी नेहा बालियान की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर के अध्यक्ष सत्येंद्र बालियान तथा बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर के सदस्य राजीव कुमार सहित जिला खेल कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नेहा बालियान और उनके कोच विकास सैनी को दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में चयनित होने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और गर्व से भरा रहा। उपस्थित सभी लोगों ने नेहा की सफलता को जिले के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समय पर प्रोत्साहन और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है। समारोह के अंत में सभी ने नेहा बालियान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले वर्षों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को छुएंगी और मुजफ्फरनगर का गौरव बढ़ाएंगी।























































