मुजफ्फरनगर। जनपद के उद्योग जगत के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब कानपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 मार्च को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री राकेश सचान द्वारा विभिन्न श्रेणियों में प्रादेशिक पुरस्कार वितरित किए गए। इस वर्ष लघु उद्योग श्रेणी में मुजफ्फरनगर की प्रतिष्ठित कंपनी मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया, जो जनपद के औद्योगिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपने उत्कृष्ट उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और उद्योग क्षेत्र में नवाचार के चलते यह सम्मान हासिल किया है। कंपनी के निदेशक फकीर चंद मोघा ने समारोह में पहुंचकर यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों और अधिकारियों की उपस्थिति में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां चयनित इकाइयों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहा गया।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और MSME सेक्टर को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसके विकास पर जोर दिया।बताया गया कि मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड लंबे समय से गुणवत्ता युक्त उत्पादों के निर्माण में अग्रणी रही है और कंपनी ने स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस उपलब्धि से न केवल कंपनी बल्कि पूरे मुजफ्फरनगर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के सम्मान से अन्य उद्यमियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अपने उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।आशीष कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा MSME सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग और बाजार उपलब्ध कराया जा सके। ऐसे पुरस्कार न केवल उद्योगों के मनोबल को बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करते हैं। इस अवसर पर मौजूद उद्यमियों ने भी सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उद्योगों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है।समारोह के बाद मुजफ्फरनगर में भी उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने मोरवेल ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड को इस उपलब्धि पर बधाई दी और इसे जिले के लिए प्रेरणादायक बताया। यह सम्मान आने वाले समय में जनपद के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में सहायक साबित होगा।















