गोवा पुलिस ने गोवा स्थित रोमियो लेन नाइट क्लब के मैनेजर भारत को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके से की गई, जहां वह पिछले कई दिनों से छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद भारत गोवा से फरार होकर सीधे दिल्ली आ गया था और अपने घर में छिपकर पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, रोमियो लेन नाइट क्लब गोवा में काफी लोकप्रिय है। इसी क्लब से जुड़े एक मामले में भारत की भूमिका सामने आने के बाद गोवा पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि वह गोवा छोड़कर दिल्ली आ चुका है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की मदद से उसे ट्रैक किया गया।
दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में भी आरोपी भारत का एक रोमियो लेन नाम से रेस्त्रां चल रहा है। पुलिस का यह भी कहना है कि फरार होने से पहले उसने अपने दिल्ली स्थित व्यवसाय को भी संचालित करने की कोशिश की, ताकि किसी को उसकी मौजूदगी का संदेह न हो।
गोवा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर विशेष टीम बनाई और रविवार देर शाम सब्जी मंडी क्षेत्र में दबिश दी। छापेमारी के दौरान भारत को उसके घर से पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे गोवा ले जाने की तैयारी में जुटी है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ सामने आई हैं, जिनके आधार पर केस में आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्लब से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका की जांच की जा रही है।
गोवा पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच में तेजी आएगी और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।















