मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी 19 वर्षीय सादिक़ की नवी मुंबई में सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सादिक़ नवी मुंबई के तलोजा औद्योगिक क्षेत्र में खिड़कियों पर जाली लगाने वाली कंपनी में कार्यरत था। गुरुवार सुबह कंपनी में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद वह एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पार्ट्स स्टोर से ड्रिल टूल लेने जा रहा था।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सादिक़ गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि करीब नौ वर्ष पहले उसकी मां फरहाना का निधन हो चुका था। इसके बाद से सादिक़ परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में पिता वाजिद का सहारा बना हुआ था। परिवार में पिता, दो बहनें और एक छोटा भाई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को हादसे की सूचना मिलने के बाद से गांव में मातम पसरा था। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचने पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जुमे की नमाज के बाद गमगीन माहौल में जनाजा निकाला गया और स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।























































