मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष भारत स्काउट एवं गाइड जनपद मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं उपाध्यक्ष हरिकेश यादव के मार्गदर्शन तथा जिला मुख्यायुक्त डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला के नेतृत्व में भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविरों का विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अमित कुमार रहे। उन्होंने शिव चौक स्थित कांवड़ सेवा शिविर का निरीक्षण कर स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर स्वयंसेवकों द्वारा कांवड़ यात्रियों की सेवा में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों ने निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। जिला स्काउट कमिश्नर विजय शर्मा और जिला गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। सेवा शिविरों में कांवड़ यात्रियों को मार्गदर्शन, प्राथमिक उपचार, पेयजल, भोजन वितरण में सहयोग तथा यातायात और जनसंचालन व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया गया।
शिव चौक के अलावा खतौली नहर और भोपा नहर पर भी सेवा शिविर संचालित किए गए। खतौली नहर शिविर का संचालन वरिष्ठ लीडर ट्रेनर संतोष कुमार और डॉ. चंद्रमोहन शर्मा के नेतृत्व में, जबकि भोपा नहर शिविर का संचालन सुनीत कुमार एवं अर्जुन कुमार के नेतृत्व में हुआ। समापन अवसर पर जिला सचिव अनिल कौशिक, जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, सहायक गाइड कमिश्नर रेणु गर्ग, डॉ. सविता सिंह, आशीष दूर्वेदी, भारत भूषण अरोड़ा, प्रभा दहिया, आनंद मलियान, अनुज कुमार, आयुष चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और प्रशिक्षण दल के सदस्य मौजूद रहे। सभी सक्रिय स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय संस्थाओं और समाजसेवियों के सहयोग के लिए आभार जताया गया।























































