मेनका गांधी के बयान पर सकल जैन समाज का विरोध, सबूत या सार्वजनिक माफी की मांग.

मुजफ्फरनगर। भारत माता चौक स्थित जैन अतिथि भवन में सकल जैन समाज की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के हालिया बयान पर कड़ा विरोध जताया गया। समाज के पदाधिकारियों ने उनके उस कथित बयान को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया, जिसमें जैन साधु-संतों की पिच्छी (झाड़न) बनाने के लिए 15 लाख मोरों की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था। समाज ने कहा कि यदि इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस तथ्य या प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा मेनका गांधी पूरे जैन समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगें। वक्ताओं ने कहा कि जैन समाज सदियों से अहिंसा, जीव दया और सत्य के सिद्धांतों का पालन करता आया है और उसके धार्मिक विश्वासों पर इस प्रकार के आधारहीन आरोप समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। वरिष्ठ सदस्य प्रदीप जैन ने कहा कि बिना किसी साक्ष्य के लगाए गए आरोप स्वीकार नहीं किए जा सकते और यदि कोई तथ्य मौजूद हैं तो उन्हें खुले मंच पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि जैन समाज हर प्रकार के तथ्यात्मक संवाद के लिए तैयार है, लेकिन असत्य प्रचार का विरोध करेगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदीप जैन ने हाल ही में जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान वायरल हुए अपने वीडियो पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बयान को संदर्भ से हटाकर प्रसारित किया गया, जिससे लोगों में गलत संदेश गया। उनका उद्देश्य किसी भी गौ सेवक या गौ संरक्षण से जुड़े व्यक्ति का अपमान करना नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय केवल इतना था कि जो लोग अपने निजी संसाधनों से गौशालाओं का संचालन कर रहे हैं, वे निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं और वहां भ्रष्टाचार की संभावना बहुत कम रहती है, जबकि सरकारी अनुदान प्राप्त संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। समाज ने केंद्र और राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने तथा गौ संरक्षण और गौशालाओं के संचालन के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की। वक्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण केवल किसी एक समाज का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था से जुड़ा मुद्दा है। पत्रकार वार्ता में गौरव जैन, पंकज जैन, राजकुमार जैन, रोहित जैन, प्रभाष जैन, विप्लव जैन, संजय कुमार, नितिन जैन, राजेश जैन और अनुज जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जैन समाज अपनी धार्मिक मान्यताओं और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा तथा भ्रामक और असत्य आरोपों का लोकतांत्रिक एवं तथ्यात्मक तरीके से जवाब देता रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts