मुजफ्फरनगर में वीर बालक दिवस पर साहबजादों के बलिदान को किया गया नमन, गुरुद्वारों में हुए प्रेरक कार्यक्रम

मुजफ्फरनगर। वीर बालक दिवस के अवसर पर जिले सहित प्रदेश भर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 9 जनवरी 2022 को वीर बालक दिवस मनाने की घोषणा किए जाने के बाद से प्रत्येक वर्ष को सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के पुत्र बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को स्मरण किया जाता है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित आशापूर्ण गुरुद्वारा और ग्राम कासमपुरा स्थित गुरुद्वारे में वीर बालक दिवस पर विशेष आयोजन किए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डा वीरपाल निर्वाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दोनों अमर बलिदानियों के जीवन और उनके अद्वितीय साहस पर विस्तार से प्रकाश डाला। डा निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का इतिहास वीरों और अमर बलिदानियों की गौरवगाथाओं से भरा पड़ा है। गुरु गोविंद सिंह के साहबजादों ने अल्प आयु में ही अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर राष्ट्र और धर्म के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका यह त्याग आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि बालपन में इतना बड़ा बलिदान देकर बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने अपना नाम इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज करा लिया है।डा निर्वाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन बलिदानों से प्रेरणा लेकर देश, समाज और धर्म की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि वीर बालक दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को साहस, सत्य और बलिदान के मार्ग पर चलने की सीख देने का अवसर है। ऐसे आयोजनों से समाज में राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।गुरुद्वारा आशापूर्ण में आयोजित कार्यक्रम को ज्ञानी अमीर सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने साहबजादों के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अत्याचार के सामने अडिग रहकर धर्म की रक्षा की। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वीर बालक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि स्वतंत्रता और धर्म की रक्षा के लिए कितने महान बलिदान दिए गए हैं।ग्राम कासमपुरा स्थित गुरुद्वारे में भी वीर बालक दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। यहां उपस्थित लोगों ने साहबजादों के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजय कोरी, अरुण पाल, रामकुमार शर्मा, ब्रजवीर सिंह, सतनाम सिंह, अनिल कुमार, वीरेंद्र चौहान, विनोद शर्मा, श्रीपाल महाराज सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अरदास और देश की एकता, अखंडता एवं शांति की कामना के साथ किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts