मुजफ्फरनगर में पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे अवैध धन वसूलने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नईमंडी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी नईमंडी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना नईमंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना नईमंडी में लिखित तहरीर देकर बताया कि कुछ लोग संगठित तरीके से हनीट्रैप का गिरोह चलाकर सीधे-साधे लोगों को फंसाते हैं और बाद में उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते हैं। शिकायत में बताया गया कि आरोपी आफताब पुत्र नवाब, रियासत पुत्र अनवर, परवेज पुत्र अनवर, साजिद पुत्र समसू निवासी ग्राम रथेडी थाना नईमंडी और वरजीना पत्नी कुदरत अली निवासी ग्राम गढ़ी सरवट थाना नईमंडी मिलकर इस गिरोह का संचालन कर रहे थे। गिरोह में शामिल महिला वरजीना के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जाता था और उन्हें बातचीत या मिलने के बहाने जाल में फंसाया जाता था।जब कोई व्यक्ति उनके जाल में फंस जाता था, तो गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचकर उस व्यक्ति पर छेड़छाड़ या दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाने की धमकी देते थे। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति को विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज कराने का डर दिखाकर समझौते के नाम पर बड़ी रकम की मांग की जाती थी। कई लोगों से इस तरह अवैध वसूली किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना नईमंडी में मुकदमा अपराध संख्या 107/26 धारा 318(4), 231, 212, 308(7) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश कर दिया और महिला सहित चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और पीड़ितों की भी जांच की जा रही है। थाना नईमंडी पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















