मुज़फ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस में नगर की आधारभूत संरचना और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारियों, जिलाधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से कूकड़ा-संधावली पुल जिसकी अनुमानित लागत ₹200 करोड़ है और मेरठ पेरीफेरल से रामपुर तिराहा तक 6 लेन सड़क विस्तार जैसी दो प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में परियोजनाओं के एलायनमेंट, निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इन परियोजनाओं के जरिए नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े स्थलों तक पहुँच को भी आसान और सुरक्षित बनाया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर तेज़ी से क्रियान्वयन हो जिससे जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।बैठक में NHAI अधिकारियों द्वारा तकनीकी चुनौतियों, संभावित लाभों और प्रस्तावित एलायनमेंट पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। वहीं, जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण और प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। यह बैठक मुज़फ्फरनगर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जो भविष्य में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का एक उदाहरण बनेगी।















