मुजफ्फरनगर में कोआपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के राज्य स्तरीय अधिवेशन का भव्य शुभारम्भ

मुजफ्फरनगर के महाराजा अग्रसेन भवन में 13 को कोआपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रान्तीय अधिवेशन का भव्य शुभारम्भ हुआ। इस अधिवेशन में विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) से कोआपरेटिव बैंक इम्प्लाईज फेडरेशन के महासचिव के.वी.एस. रवि, इंदौर (मध्य प्रदेश) से एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी.आर. निमगांवकर, जयपुर (राजस्थान) से एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह आमेरा, लखनऊ से यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एस. के. संगतानी, कानपुर से यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के उपमहामंत्री रजनीश गुप्ता, फतेहपुर से कोआपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष बिजेंद्र स्वरूप और लखनऊ से संगठन के प्रदेश महासचिव विजय कुमार सक्सेना सहित प्रमुख ट्रेड यूनियन नेता शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों से लगभग 300 प्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों का पटका, माला और शॉल पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और दिवंगत ट्रेड यूनियन नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित कर अधिवेशन की कार्यवाही शुरू की गई।

जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठा. रामनाथ सिंह ने देश-प्रदेश से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मुजफ्फरनगर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। जिला सहकारी बैंक के सीईओ राजेश कुमार ने बैंक की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की और आयोजन समिति को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि एआईसीबीईएफ के महासचिव के.वी.एस. रवि ने सहकारी बैंकों की वर्तमान समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति बनाने का आह्वान किया। जयपुर से आए एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह आमेरा ने जोशीले भाषण में कहा कि वर्तमान नीति निर्माता और सहकारी बैंकों के आकाओं का ध्यान कर्मचारियों के उत्पीड़न पर है जबकि बैंकों की मजबूती और उनके कामकाज के सुधार पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने श्रम सुधारों के नाम पर नए कानूनों को कर्मचारियों और मजदूर संगठनों के हितों के खिलाफ बताया।

सभा को एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी.आर. निमगांवकर, यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एस. के. संगतानी और उपमहामंत्री रजनीश गुप्ता ने भी संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर एआईसीबीईएफ और उत्तर प्रदेश स्तर पर कोआपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन जिला सहकारी बैंकों का सबसे बड़ा संगठन है, जो कई दशकों से सहकारी बैंकिंग व्यवस्था और बैंक कर्मियों के हितों की सुरक्षा के लिए सक्रिय है।

अधिवेशन 14 सितम्बर को भी जारी रहेगा। अंतिम सत्र में आगामी तीन वर्षों के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव होंगे। कार्यक्रम की शानदार व्यवस्था यूनिट मंत्री अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों द्वारा की गई, जिसकी सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंच संचालन यशवीर सिंह ने किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts