मुजफ्फरनगर में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन,

मुजफ्फरनगर में भारत के लौह पुरुष और राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” (एकता की दौड़) का भव्य आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राय चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।“रन फॉर यूनिटी” का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और अखंडता की भावना को सशक्त बनाना रहा। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “एकता का संकल्प” और “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे जोशीले नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। यह दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, झांसी की रानी चौक होते हुए शिव चौक पर समाप्त हुई। दौड़ के समापन स्थल पर नागरिकों ने एकता और सद्भाव का संदेश देते हुए सरदार पटेल के आदर्शों को नमन किया।कार्यक्रम के पश्चात नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिभागियों को फल वितरित किए तथा उन्हें देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का संदेश दिया। समापन सत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रनिष्ठा से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके आदर्श और त्याग भाव हम सभी को सदैव राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते रहेंगे।इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हर स्थान पर सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को याद करते हुए एकता का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे देश की अखंडता, भाईचारे और समरसता को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान देंगे।मुजफ्फरनगर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बना, बल्कि इसने समाज में राष्ट्रीय एकता और सामूहिक शक्ति का सशक्त संदेश भी दिया। पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां युवा, पुलिसकर्मी और नागरिक एक साथ “एकता की दौड़” में शामिल होकर अखंड भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लेते दिखाई दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts