मुजफ्फरनगर। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण और रेबीज संक्रमण से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद ने महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक बालियान और गौरव स्वरूप के साथ पचेंडा रोड स्थित जीव दया फाउंडेशन द्वारा संचालित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) एवं रेबीज वैक्सीनेशन सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया।
केंद्र के माध्यम से शहरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की नसबंदी और रेबीज टीकाकरण का अभियान चलाया जाएगा। विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की देखरेख में संचालित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य कुत्तों के अनियंत्रित प्रजनन पर रोक लगाने के साथ ही रेबीज के खतरे को कम करना है। नगर पालिका के सहयोग से पहले चरण में कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला अस्पताल समेत प्रमुख सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अभियान में शामिल किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से किया जाना जरूरी है। एबीसी और टीकाकरण केंद्र से पशु संरक्षण के साथ जनसुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से अभियान में सहयोग की अपील की।उन्होंने बताया कि नगर पालिका का अपना एबीसी और शेल्टर सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास चल रहे हैं। इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है। स्थायी केंद्र बनने के बाद पशु जन्म नियंत्रण, टीकाकरण और देखभाल की व्यवस्था को और व्यापक किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में पूजा पाल, कपिल पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, योगेश कुमार, डॉ. देवेश बालियान, सत्यवीर सिंह, डॉ. ऋषभ अग्रवाल, राज वत्स और कार्तिक राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
























































