उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS इंटर्न्स के लिए राहत की खबर है. राज्य सरकार ने इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड में 8 हजार रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे MBBS छात्रों को हर महीने 25 हजार रुपये मिलेंगे. इससे पहले उन्हें 17 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता था. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई. सरकार के इस कदम से राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे सैकड़ों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा.
17 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये हुआ स्टाइपेंड
राज्य कैबिनेट ने MBBS इंटर्न्स के स्टाइपेंड को बढ़ाने का फैसला छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए लिया है. कैबिनेट बैठक के बाद राज्य सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पहले MBBS इंटर्न्स को हर महीने 17 हजार रुपये मिलते थे जिसे अब बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है. यानी छात्रों को हर महीने 8 हजार रुपये ज्यादा मिलेंगे.
पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों के स्टूडेंट्स को फायदा
उत्तराखंड में श्रीनगर (गढ़वाल), हल्द्वानी, देहरादून, हरिद्वार और अल्मोड़ा में कुल पांच सरकारी मेडिकल कॉलेज हैं. इन संस्थानों में MBBS के साथ PG मेडिकल कोर्स भी संचालित होते हैं. इन पांच कॉलेजों में कुल 625 MBBS सीटें हैं. सरकार के इस फैसले का लाभ इन कॉलेजों में इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को मिलेगा. वहीं, राज्य के चार प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में करीब 900 MBBS सीटें हैं, लेकिन फिलहाल स्टाइपेंड बढ़ाने का फैसला सरकारी कॉलेजों के इंटर्न्स पर लागू होगा.
खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा फैसला
कैबिनेट ने खिलाड़ियों को लेकर भी अहम निर्णय लिया है. उत्तराखंड खेल नीति 2021 के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों की 245 पदों पर आउट ऑफ टर्न नियुक्ति को मंजूरी दी गई है. नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में राजपत्रित और अराजपत्रित पदों पर सीधे नियुक्ति दी जा सकेगी. इन पदों का बंटवारा खेल, युवा कल्याण, गृह, टांसपोर्ट, एजुकेशन और वन विभागों में किया जाएगा. सरकार का कहना है कि इन फैसलों से हेल्थ सेवाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा.























































