वंदे भारत फ्रेट EMU का परीक्षण, 130 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन.

भारतीय रेलवे के अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) के मार्गदर्शन में देश की पहली वंदे भारत फ्रेट इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (Freight EMU) का पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद-वडोदरा-मुंबई सेंट्रल खंड पर सफलतापूर्वक परिक्षण किया जा रहा है. परीक्षण के दौरान रेक के प्रदर्शन एवं स्थिरता का 130 किमी/घंटा तक की गति पर विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है.16 कोच वाली यह अत्याधुनिक फ्रेट EMU चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) द्वारा वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर विकसित की गई है. इसका उद्देश्य पारंपरिक मालगाड़ियों के साथ-साथ विशेष रूप से तेज, विश्वसनीय एवं समयबद्ध पार्सल परिवहन के लिए एक आधुनिक विकल्प उपलब्ध कराना है. यह फ्रेट EMU मुख्य रूप से ई-कॉमर्स, कूरियर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, कोल्ड-चेन और अन्य संवेदनशील एवं उच्च-मूल्य वाले माल के परिवहन में उपयोगी साबित हो सकती है.

130 किमी/घंटा तक की गति से परीक्षण

रेक को आईसीडी साबरमती से तैयार कर 12 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 9 बजे अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल के लिए रवाना किया गया. 13 सितंबर को मुंबई सेंट्रल से अहमदाबाद के लिए वापसी परीक्षण किया गया. परीक्षण के दौरान रेक को 50 प्रतिशत पेलोड एवं 20.32 टन एक्सल लोड के साथ संचालित किया जा रहा है. निर्धारित परीक्षण प्रोटोकॉल के अनुसार खंड पर लागू स्थायी एवं अस्थायी गति प्रतिबंधों का पालन करते हुए दिन के समय रन कराया गया.परीक्षण के दौरान RDSO की टीम को अहमदाबाद मंडल के यांत्रिक, विद्युत और सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों का आवश्यक तकनीकी एवं परिचालन सहयोग प्राप्त हुआ. फिटनेस, क्रू, सुरक्षा एवं परिचालन से संबंधित व्यवस्थाएं पश्चिम रेलवे द्वारा सुनिश्चित की गईं. इससे पहले पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में खाली स्थिति में इस रेक द्वारा लगभग 145 किमी/घंटा तक की गति प्राप्त की जा चुकी है. रेक की डिजाइन गति लगभग 160 किमी/घंटा है.

आधुनिक तकनीक एवं सुविधाओं से लैस

वंदे भारत फ्रेट EMU में पार्सल परिवहन को तेज एवं सुरक्षित बनाने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इनमें 6 कोच वाली फ्रेट EMU संरचना, पार्सल कोच के साथ प्रशीतित (Reefer) वैन की सुविधा, तेज एवं सुगम लोडिंग-अनलोडिंग के लिए चौड़े स्वचालित दरवाजे, पैलेट आधारित लोडिंग के लिए रोलर फ्लोर, CCTV निगरानी एवं अग्नि संसूचन प्रणाली, स्वचालित दरवाजा लॉकिंग प्रणाली, उच्च गति पर स्थिरता एवं सुरक्षा की उन्नत व्यवस्थाएं और कवच जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणाली शामिल हैं.यह रेक समर्पित माल गलियारे (DFC) पर संचालित होने वाली भारी मालगाड़ियों का विकल्प नहीं है. इसे मुख्य रूप से यात्री मार्गों पर तेज गति से छोटे, उच्च-मूल्य एवं समय-संवेदनशील माल के परिवहन के लिए विकसित किया गया है.

एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स को मिलेगी नई गति

वंदे भारत फ्रेट EMU के सफल परीक्षण से भारतीय रेलवे के माल परिवहन क्षेत्र में एक नई संभावना खुली है. RDSO द्वारा परीक्षण के दौरान प्राप्त आंकड़ों एवं परिणामों के आधार पर इस प्लेटफॉर्म के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा.इस प्रकार की सेवा के माध्यम से रेलवे द्वारा सड़क परिवहन के मुकाबले तेज, सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स का विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है.पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल इस महत्वपूर्ण परीक्षण में आवश्यक तकनीकी, परिचालन एवं सुरक्षा सहयोग प्रदान कर रहा है.

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts