मुजफ्फरनगर। चरथावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दूधली स्थित ऐतिहासिक जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर तीन दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने म्हाड़ी पर विधिवत दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि दूधली की गोगा म्हाड़ी धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही मेले की परंपरा आज भी श्रद्धा और विश्वास के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार दूधली की गोगा म्हाड़ी का इतिहास करीब पांच सौ वर्ष पुराना है। लोकमान्यता के अनुसार आलमगीरपुर निवासी एक किसान की मनोकामना पूर्ण होने पर उसने नीले रंग के बछेरे को जाहरवीर गोगा जी को अर्पित करने का संकल्प लिया था। वह बछेरे को लेकर राजस्थान स्थित बागड़ धाम पहुंचा और वहां उसे अर्पित किया। इसी लोकआस्था से जुड़ी परंपरा आज भी कायम है।मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। मंत्री ने अधिकारियों और आयोजकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सपना कश्यप, प्रवीण राणा, भोपाल सिंह, सुरेंद्र कश्यप, शोभित पुंडीर, विशाल गर्ग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मेले के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
























































