मुजफ्फरनगर के सनातन धर्म कॉलेज में चल रही मां शाकंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतर-महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को दो बेहद रोचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के पहले मैच में एसडी कॉलेज ऑफ लॉ और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज देवबंद की टीमें आमने-सामने हुईं। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन एसडी कॉलेज ऑफ लॉ ने बेहतरीन बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी के दम पर यह मैच अपने नाम किया। एसडी कॉलेज ऑफ लॉ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज देवबंद की पूरी टीम 87 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार एसडी कॉलेज ऑफ लॉ ने 63 रनों से शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने टीम भावना और खेल भावना का अद्भुत प्रदर्शन किया।
दूसरा मैच चौधरी छोटू राम कॉलेज मुजफ्फरनगर और आईएमटी कोटा के बीच खेला गया। यह मुकाबला शुरुआत से ही काफी रोमांचक रहा। चौधरी छोटू राम कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 138 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईएमटी कोटा की टीम ने संघर्ष तो किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में लक्ष्य से 36 रन पीछे रह गई। इस प्रकार चौधरी छोटू राम कॉलेज ने यह मुकाबला 36 रनों से जीत लिया। टीम के गेंदबाज तुषार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुधीर कुमार पुंडीर ने दोनों विजेता टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में मां शाकंभरी विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर, सिलेक्ट प्रोफेसर डॉक्टर गौरव बालियान ने दोनों मैचों का बारीकी से निरीक्षण किया और आयोजन की प्रशंसा की। आज के मैचों में रेफरी पलक शर्मा और अमन सूर्यवंशी रहे, जबकि स्कोरर की भूमिका मानव राठी ने निभाई।इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉक्टर अंशुल शर्मा, डॉक्टर नितिन कुमार, डॉक्टर संदीप कुमार, डॉक्टर चंद्रमणि, डॉक्टर नागेंद्र, डॉक्टर कर्मजीत कौर और डॉक्टर प्रणव शर्मा का विशेष योगदान रहा। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के प्रोफेसर श्याम नारायण सिंह, प्रोफेसर अजय पाल सिंह, डॉक्टर अरविंद पवार, डॉक्टर प्रीतम सिंह, डॉक्टर संतोष यादव, डॉक्टर धीरज गिरधर, अंजुल भूषण, सुधीर बंसल और अनुपम जैन सहित कई शिक्षकगण उपस्थित रहे।महाविद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताई और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर सभी में उत्साह का माहौल है।















