राजगढ़ (अलवर)। रैणी क्षेत्र के जंगलों में एक बिना मुंडेर के खुले कुएं में सियार गिर जाने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और स्थिति को देखते हुए तुरंत पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुएं में पानी भरा हुआ है, लेकिन सियार जीवित है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कुआं लंबे समय से खुला पड़ा हुआ है, जिस कारण आए दिन मवेशियों और जंगली जानवरों के गिरने की आशंका बनी रहती है। सूचना पर रैणी पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। डोरोली नाके के वनरक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों और पुलिस से जानकारी मिलने पर टीम तुरंत रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर सियार को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने बताया कि कुएं में पानी भरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीम और ग्रामीण लगातार प्रयासरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खुले कुओं पर मुंडेर नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं और प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए, ताकि जंगली जानवरों व इंसानों की जान जोखिम में न पड़े। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और वे बचाव कार्य में वन विभाग की टीम की मदद भी कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कब तक सियार को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला जा सकेगा।















