मालाखेड़ा कस्बे में गंभीर पेयजल समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को ग्रामीणों ने अलवर-राजगढ़ स्टेट हाईवे-25 पर जाम लगा दिया, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले उन्होंने उपखंड अधिकारी से मुलाकात कर पानी की समस्या के समाधान की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि मालाखेड़ा में जल आपूर्ति जल जीवन मिशन योजना के तहत की जाती है, लेकिन ट्यूबवेलों के विद्युत बिल जमा नहीं होने के कारण कनेक्शन काट दिए गए हैं। इसके अलावा, कई ट्यूबवेल खराब पड़े हैं, जिससे पानी का संकट और गहरा गया है। पिछले एक साल से नगर पालिका क्षेत्र में ट्यूबवेल के बिल जमा न होने की वजह से यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। स्थानीय निवासियों ने जल्द समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की अपील की है।















