मुजफ्फरनगर। पीएसी संस्थापना दिवस–2025 समारोह के उपलक्ष्य में प्रदेशभर के पुलिस मॉर्डन स्कूलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के चयन की प्रक्रिया के अंतर्गत 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद की सेनानायक चारु निगम ने शनिवार को पुलिस मॉर्डन स्कूल मुजफ्फरनगर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक सेनानायक अवन्तिका उपाध्याय, विद्यालय की प्रधानाचार्य सुधा शर्मा, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक ने विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने फीस, सैलरी, परचेज, स्टॉक, हेल्थ और अटेंडेंस रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों का गहन अवलोकन करते हुए उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव और पारदर्शिता की सराहना की। विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता के अंतर्गत लेसन प्लान, पाठ्यक्रम प्रबंधन, शिक्षण विधियों, विषयवार शिक्षण सामग्री तथा विद्यार्थियों के परिणाम विश्लेषण का मूल्यांकन किया गया। सेनानायक ने शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में लगाए गए CCTV कैमरे, फायर एक्सटिंग्विशर, प्रवेश-निकास व्यवस्था, भवन की सुरक्षा प्रणाली और साफ-सफाई की स्थिति देखी। साथ ही शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, चिकित्सा कक्ष, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान और शूटिंग रेंज की कार्यशीलता की भी जांच की। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सभी सुविधाओं को सराहनीय बताते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए अनुकरणीय बताया।
सेनानायक चारु निगम ने विद्यार्थियों से संवाद कर सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वासपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “अवसर और सफलता दोनों मेहनती बच्चों के कदम चूमते हैं। अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें — यही सच्ची देश सेवा है।” उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशील नागरिकता अपनाने का संदेश दिया।
इसके बाद सेनानायक ने प्रधानाचार्य और अध्यापकगण से वार्षिक गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, स्किल कोर्स, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अभिभावक सहभागिता पर चर्चा की। विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षकों के परिश्रम और सृजनशीलता पर निर्भर करता है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को समाज की सच्ची पूंजी बताया।
निरीक्षण के अंत में चारु निगम ने विद्यालय की स्वच्छता, अनुशासन, शिक्षण गुणवत्ता और समग्र व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ से विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस मॉर्डन स्कूल न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र हैं, बल्कि यहाँ से कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और राष्ट्रभक्त नई पीढ़ी तैयार हो रही है। सेनानायक ने विद्यालय परिवार को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
















