मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपीटर हॉल से छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद मुजफ्फरनगर में भी विकास भवन सभागार सहित विभिन्न विद्यालयों में किया गया। इस मौके पर जिले के छात्रों में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस अवसर के साक्षी बने।
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन हुआ। इसमें जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा।
जनपद में आयोजित समारोह में कक्षा 9, 10, 11 और 12 के विभिन्न वर्गों के छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आंकड़ों के अनुसार अनुसूचित जाति के 779, पिछड़ी जाति के 1959, सामान्य वर्ग के 214 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 719 छात्र-छात्राओं को प्रथम चरण में लाभान्वित किया गया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें मेहनत और लगन से शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहयोग नहीं है, बल्कि यह छात्रों के भविष्य को संवारने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी ने एक स्वर में कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ चरित्र निर्माण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि देश और समाज की प्रगति तभी संभव है जब युवा वर्ग मजबूत और शिक्षित होगा। अधिकारियों ने यह भी आशा व्यक्त की कि छात्रवृत्ति का लाभ उठाने वाले छात्र भविष्य में अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने कहा कि छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र मिलने से उनकी पढ़ाई में आने वाली आर्थिक चुनौतियां काफी हद तक कम हो जाएंगी। वहीं शिक्षकों ने इस योजना को शिक्षा की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और उनके सर्वांगीण विकास की शुभेच्छा के साथ किया गया। इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने छात्रों से वादा किया कि शिक्षा की हर चुनौती में प्रशासन और सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी।
















