मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का गहन निरीक्षण कर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉक्टर तेवतिया ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी कार्यशैली की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का आग्रह किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन कोल्ड चेन, औषधियों के रख-रखाव, उपस्थिति पंजिका आदि का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनु चौधरी को स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरे की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात की। डॉक्टर तेवतिया ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार भी उनके साथ मौजूद थे।















