पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 1 जून 2026 से राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं की सार्वजनिक परिवहन तक आसान एवं सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है। परिवहन विभाग द्वारा 21 मई को जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में चलने वाली कम दूरी और लंबी दूरी की सभी सरकारी बसों में महिला यात्रियों को निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके लिए पात्र महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनमें क्यूआर कोड, फोटो और लाभार्थी से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी। यह स्मार्ट कार्ड संबंधित बीडीओ या एसडीओ कार्यालयों के माध्यम से आवेदन करने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार ने स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए कई प्रकार के पहचान दस्तावेजों को मान्यता दी है। महिलाओं को आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज, केंद्र या राज्य सरकार एवं पीएसयू का पहचान पत्र, स्कूल-कॉलेज या विश्वविद्यालय द्वारा जारी पहचान पत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जब तक स्मार्ट कार्ड जारी नहीं हो जाते, तब तक महिलाएं किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र को दिखाकर मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। सरकार की इस योजना को महिलाओं की आर्थिक राहत और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।























































