मुजफ्फरनगर शहर के सौंदर्यकरण को नई दिशा देते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा महावीर चौक के रूपांतरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने महावीर चौक पर चल रहे सौंदर्यकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर पालिका की ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह भी मौजूद रहीं, जिन्होंने कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी दी।पालिका अध्यक्ष ने भगवान महावीर को समर्पित इस प्रमुख चौराहे पर किए जा रहे विकास कार्यों को बारीकी से देखा। उन्होंने विशेष रूप से चौराहे पर स्थित कलश पार्क में लगाई जा रही नई रैलिंग और आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। आधुनिक डिजाइन में तैयार की जा रही यह रैलिंग और उसमें की जा रही लाइटिंग महावीर चौक के सौंदर्य को और अधिक निखारने का काम करेगी। इससे न केवल चौराहे की दृश्य सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यह स्थान आने-जाने वाले नागरिकों और यात्रियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने बताया कि चौराहे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोहे के मजबूत पिलर लगाए जा रहे हैं। इन पिलरों पर पत्थर भी लगाए जाएंगे तथा आधुनिक रिफलेक्टर लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे सड़क पर चलने वाले वाहनों को चौराहे की संरचना स्पष्ट रूप से दिखाई देगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। यह व्यवस्था रोड सेफ्टी की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होगी। इसके साथ ही कलश पार्क के फर्श को टाइल्स लगाकर पक्का किया जाएगा, जिससे पार्क अधिक व्यवस्थित और टिकाऊ बन सके। पार्क में स्थापित बड़े कलश को भी नया रंग-रोगन कराया जा रहा है ताकि उसका स्वरूप और अधिक भव्य दिखाई दे।
पालिका अध्यक्ष ने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदारों और मौके पर मौजूद नगर पालिका अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के बाद नगर पालिका की ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का विकास इस तरह किया जा रहा है कि वे शहर की पहचान बन सकें। उन्होंने कहा कि सौंदर्यकरण केवल दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा और शहर के गौरव से जुड़ा हुआ प्रयास है।उन्होंने यह भी बताया कि महावीर चौक के सौंदर्यकरण में इसके धार्मिक महत्व को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। रैलिंग के डिजाइन में कलश, घंटी और जैन समाज से जुड़े अन्य धार्मिक प्रतीकों को शामिल किया गया है। आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों, पार्कों और मुख्य मार्गों पर भी इसी तरह की आधुनिक लाइटिंग और रैलिंग लगाने के कार्य शुरू किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही भी मौजूद रहे और उन्होंने सौंदर्यकरण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।















