औरैया साइबर क्राइम थाना की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14.20 लाख रुपये की साइबर ठगी में शामिल एक अन्तर्राज्यीय गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी करौली, राजस्थान का रहने वाला मुनीम प्रजापति है, जो मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 42,200 रुपये नगद, एक आईफोन-13 और एक चोरी किया गया सिम कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी द्वारा प्रयोग किए जा रहे बैंक खातों में से करीब 90,000 रुपये की रकम होल्ड करा दी गई है।
पूरा मामला 15 जुलाई को तब सामने आया जब फफूंद थाना क्षेत्र के बरौवा गांव निवासी छोटू नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने सिम चोरी कर 15 लाख रुपये की ठगी कर ली है। छोटू ने बताया कि यह राशि उसने अपनी पैतृक भूमि बेचकर जमा की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना औरैया ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मुनीम प्रजापति पहले पीड़ित के साथ हॉस्टल में रहा था और वहीं उसने रसोइये के रूप में काम करते हुए पीड़ित की आर्थिक स्थिति की जानकारी हासिल की। इसके बाद उसने साजिश के तहत पीड़ित का सिम चोरी कर यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया। उसने ठगी में कई फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते भी प्रयोग किए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने करीब 9 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दिए, जबकि शेष राशि अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दी।
गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब आरोपी 25 जुलाई को औरैया जनपद में कथित समझौते के लिए आया था। पुलिस टीम ने उसे ककोर क्षेत्र से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को साइबर थाना प्रभारी दीपक कुमार, निरीक्षक विकास सिंह समेत 13 सदस्यीय टीम ने अंजाम दिया। यह सफलता साइबर अपराध पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।















