महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता, पुलिस में शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

अलवर जिले की मालाखेड़ा तहसील में कार्यालयीन माहौल एक बार फिर विवादों में आ गया है। तहसील कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी भगवती देवी मीणा के साथ अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला कर्मचारी ने बताया कि वह गुरुवार को राजकीय कार्य से भू-अभिलेख शाखा, कक्ष संख्या 6 में गई थीं, जहां पर चार पटवारी पहले से मौजूद थे। उन्होंने उसके साथ बदसलूकी की और शाखा के ऑफिस कानूनगो ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

भगवती देवी का आरोप है कि कानूनगो ने जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुईं। घटना की जानकारी उन्होंने मालाखेड़ा तहसीलदार मेधा मीणा को दी, जिन्होंने मामले में कानूनी कार्रवाई की बात कही। इसके बाद महिला कर्मचारी ने थाना मालाखेड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन थाना अधिकारी ने भी सहयोग नहीं किया और यह कहते हुए लौटा दिया कि “यहां रोज-रोज क्यों आती हो”।

पीड़िता का कहना है कि थाने में उसकी शिकायत नहीं सुनी गई और अब वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। दूसरी ओर, मालाखेड़ा थाना अधिकारी हितेश कुमार ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को नकारते हुए उन्हें झूठा बताया है।

तहसीलदार मेधा मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला कर्मचारी उनके कार्यालय की सहायक हैं और गुरुवार को कार्यालयीन कार्य से ही कानूनगो ऑफिस गई थीं, जहां पटवारियों और कानूनगो द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने यह भी बताया कि महिला द्वारा पुलिस थाने में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts