अलवर जिले में कृषि प्रौद्योगिकी आत्मा योजना और उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 50 से अधिक किसानों का एक दल नवाचार की जानकारी लेने के लिए अलवर से रवाना हुआ। इस संगठन को अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम मुकेश कैथल और संयुक्त निदेशक कृषि पीसी मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपनिदेशक उद्यान विभाग के एल मीणा, सहायक निदेशक कृषि विस्तार मंगतूराम शर्मा, आत्मा योजना के सहायक निदेशक संदीप शर्मा और जिले भर के 50 से अधिक किसान उपस्थित रहे।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक के एल मीणा ने बताया कि यह पांच दिवसीय टूर रहेगा, जिसमें बस्सी, दुर्गापुर, जोबनेर और अजमेर में आधुनिक पद्धति से की जा रही खेती, मसाला उद्योग और फलों के बगीचों का अवलोकन किया जाएगा। इस दौरान किसान नई तकनीक और नई विधाएं सीखेंगे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम मुकेश कैथल ने कहा कि कृषि से जुड़ी योजनाओं और तकनीकों को सीखने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल भेजा गया है, ताकि किसान इन नवाचारों को अपने क्षेत्र में लागू कर अच्छा मुनाफा कमा सकें।
किसान महेंद्र सिंह, बलबीर, राहुल सिंह सहित अन्य किसानों ने कहा कि वे इस टूर से नई तकनीक सीखकर अपने क्षेत्र में लागू करेंगे, जिससे खेती में सुधार होगा और किसान हित में लाभकारी कार्य किए जा सकेंगे।















