बांग्लादेश से एक रहस्यमय मामला सामने आया है। 17 अक्टूबर की रात 9:50 बजे नौ सीटों वाला एक ट्विन-टर्बोप्रॉप बिजनेस और यूटिलिटी विमान चटगांव के शाह अमानत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।इसके कुछ ही देर बाद उसी हवाई अड्डे पर बांग्लादेश वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर भी उतरा। रिपोर्ट के मुताबिक यह विमान भारतीय हवाई क्षेत्र से होकर गुजरने से पहले लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भर चुका था।
नॉर्थ ईस्ट न्यूज ने जानकारी दी है कि रात करीब 9:20 बजे जब विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में बिहार के आसपास कहीं था तो उसके पायलट ने अमानत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से रेडियो के जरिए संपर्क किया था जिन्होंने उसे चटगांव पहुंचने के लिए जरूरी जानकारी दी। हालांकि फ्लाइटराडार24 ने बांग्लादेश एयरफोर्स हेलीकॉप्टर से जुड़ी बुनियादी जानकारी दी जिसमें उसका कॉल साइन (MI748) भी शामिल था लेकिन इसने उस विमान का कॉल साइन नहीं दिखाया।
लाहौर से उड़कर चटगांव क्यों उतरा ‘रहस्यमय’ अमेरिकी विमान?
नॉर्थ ईस्ट न्यूज के मुताबिक एयरक्राफ्ट इंफॉर्मेशन पैनल पर ‘बीच किंग एयर B200’ दिखाई दे रहा था जिसका टाइप कोड BE20 था। रजिस्ट्रेशन और फ्लाइट की पहचान ‘उपलब्ध नहीं’ के रूप में दिखाई गई। फ्लाइटराडार24 के इंफॉर्मेशन पैनल पर 2,275 फीट की बैरोमेट्रिक ऊंचाई और 227 नॉट्स की ग्राउंड स्पीड दिख रही थी।शुरुआत में N/A (उपलब्ध नहीं) लिखे हुए फील्ड्स से यह पता नहीं चल सका कि विमान का मालिक कौन है, इसे कौन उड़ा रहा था या इसमें कौन सवार था। बीचक्राफ्ट किंग एयर के अमानत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने के लगभग 40 मिनट बाद BAF का एक हेलीकॉप्टर जो करीब 40 मिनट तक हवा में रहा पास ही स्थित ज़हुरुल हक बेस पर उतरा। रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच से पता चला कि इस विमान का कॉल साइन N63LB है।
विमान में पायलट के अलावा कोई नहीं था सवार
अमानत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों ने रिपोर्ट में बताया है कि इस विमान में कोई यात्री सवार नहीं था और इसे सिर्फ एक पायलट उड़ा रहा था। वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी स्थित ‘तान सोन न्हात इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के लिए उड़ान भरने से पहले यह विमान ईंधन भरवाने के लिए चटगांव हवाई अड्डे पर उतरा था। वियतनाम में ‘बैंक ऑफ यूटा’ की कोई भौतिक बैंकिंग उपस्थिति, रिटेल शाखा नेटवर्क या प्रत्यक्ष व्यावसायिक ऋण देने की सुविधा नहीं है। इसके बजाय वियतनाम से जुड़े इसके व्यावसायिक हित मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट ट्रस्ट सेवाओं और सीमा-पार वित्तीय परामर्श तक सीमित हैं।















