बांग्लादेश में एयर एम्बुलेंस की आपातकालीन लैंडिंग के दौरान एक भारतीय महिला की मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक विमान का दरवाजा हवा में ही तकनीकी खराबी के कारण आंशिक रूप से खुल गया था. जिसके बाद विमान की ढाका में लैंडिंग करनी पड़ी. रविवार (18 अक्टूबर) को अगरतला से कोलकाता जा रहा विमान ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सात लोगों के साथ सुरक्षित उतर गया. विमान में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित थे.जानकारी के मुताबिक अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HYA, बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A) को बीच हवा में दरवाजा आंशिक रूप से खुलने की तकनीकी खराबी के बाद ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा था. इस दौरान मरीज, 56 वर्षीय भारतीय महिला अंजना भौमिक की मौत हो गई.
करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर था विमान
बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, विमान जब करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब तकनीकी खराबी के कारण इसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया. यह विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 1.40 बजे हवाई अड्डे पर उतरा. विमान में कुल सात लोग सवार थे.
विमान में सवार अन्य लोग सुरक्षित
लैंडिंग के तुरंत बाद मरीज को ढाका के कुर्मितोला जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया (शाम करीब 4:40 बजे). विमान में मरीज के डॉक्टर (डॉ. फिरोज खान), पैरामेडिक (अजीम खान), दो अन्य रिश्तेदार/सहयात्री (सांता भौमिक और दीप ज्योति मिश्रा) और दो पायलट (कैप्टन पुण्य अनूप और कैप्टन तनुज शर्मा) सहित कुल 7 लोग सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं. मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है. यह भी पता नहीं चल पाया है कि उनकी मौत का संबंध विमान की तकनीकी खराबी से था या किसी अन्य मेडिकल जटिलता से.
विमान में आई तकनीकी खराबी
हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता, मो. रियाज उद्दीन ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसकी वजह से उसका दरवाजा खुल गया. वहीं हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 4:40 बजे अस्पताल में भौमिक की मौत हो गई.
बांग्लादेश ने की मदद
अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए जरूरी मंजूरी न होने के बावजूद, बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर एयर एम्बुलेंस की मदद की. रिपोर्ट के मुताबिक ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय करके जरूरी राजनयिक औपचारिकताओं को पूरा करने में मदद की.रिपोर्ट के मुताबिक, यह विमान भारत की ‘SKB इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी का है. मंजूरी से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने की प्रक्रिया के दौरान, विमान ढाका हवाई अड्डे पर ही रुका रहा.















