एसएसपी सूरज कुमार राय ने किया खालापार थाने का औचक निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने थाना खालापार का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, पुलिसकर्मियों की बैरक, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीएनएस कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान थाने में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया गया।

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि थाना परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को भी पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि थाने में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एसएसपी ने निर्देशित किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। ऐसी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके और उनमें पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

एसएसपी सूरज कुमार राय ने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करें। निरीक्षण के माध्यम से उन्होंने थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण और पुलिस सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts