50 की उम्र में तबाही! जब बाप-बेटे की जोड़ी ने मिलकर पाकिस्तानी टीम के छुड़ा दिए छक्के

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेनिस लिली का अपने समय में खौफ था. दुनियाभर के बल्लेबाजों के उनके सामने बैटिंग करते वक्त पैर कांपते थे. हालांकि, डेनिस ने 34 साल की उम्र में 1984 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था, लेकिन वह खुद को क्रिकेट से कभी दूर नहीं कर पाए.ऐसे में वह रिटायरमेंट के बाद भी ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखे रहे.

बढ़ती उम्र के साथ वह धीरे-धीरे क्रिकेट से दूर होते चले गए, लेकिन पूरी दुनिया उस समय हैरान रह गई जब 50 की उम्र में, साल 1999 में डेनिस ने ऑस्ट्रेलिया प्रेसिडेंट्स इलेवन के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर वापसी करते हुए सबको चौंका दिया. हैरानी की बात यह है कि इस मैच में उनका बेटा एडम लिली भी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरा था.

बाप-बेटे ने मिलकर छुड़ाए पाकिस्तान के छक्के

पाकिस्तानी टीम को लगा कि ऑस्ट्रेलिया का यह बूढ़ा क्रिकेटर क्या विकेट लेगा, लेकिन शायद वे भूल चुके थे कि डेनिस लिली के लिए उम्र तो बस एक संख्या थी. पाकिस्तान के खिलाफ उस मैच में डेनिस लिली ने कहर बरपा दिया. मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया प्रेसिडेंट्स इलेवन के लिए 8 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 मेडन रखते हुए सिर्फ 8 रन दिए और 3 विकेट भी अपने नाम किए.सिर्फ डेनिस ही नहीं, उनका बेटा भी पाकिस्तान पर कहर बनकर टूटा. डेनिस के बेटे एडम ने भी इस मैच में 6 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. इस तरह बाप-बेटे की जोड़ी ने मिलकर पाकिस्तान के 6 बल्लेबाजों को आउट किया.

168 रन पर सिमट गई पाकिस्तानी टीम

डेनिस लिली और एडम लिली की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की टीम 44 ओवर में महज 168 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा कप्तान मोइन खान ने 62 गेंदों में नाबाद 60 रनों की पारी खेली. इसके अलावा, अजहर महमूद ने भी 46 रन बनाए. इन दोनों के अलावा पाकिस्तान का पूरा बल्लेबाजी क्रम फ्लॉप रहा था.पाकिस्तान के 168 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया प्रेसिडेंट्स इलेवन की टीम ने 23.3 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से रायन कैंपबेल ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में 103 रनों की शतकीय पारी खेली. इसके अलावा, मैथ्यू हेडन ने 32 और जस्टिन लैंगर ने 18 रन बनाकर अपनी टीम को एक आसान जीत दिला दी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts